पुखरी पंचायत के उपप्रधान पद के उम्मीदवार पर हमला, मारपीट में नाक की हड्डी टूटी

पुखरी पंचायत के उपप्रधान पद के उम्मीदवार पर हमला, मारपीट में नाक की हड्डी टूटी

सलूनी/ चम्बा 23 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)


चंबा जिले के विकासखंड सलूणी की ग्राम पंचायत पुखरी के अंतर्गत गांव बंदोखी में चुनावी माहौल के बीच हिंसा की एक गंभीर घटना सामने आई है। उपप्रधान पद के उम्मीदवार विपिन कुमार (पुत्र लोचू) के साथ गांव के ही चार लोगों द्वारा कथित रूप से मारपीट की गई, जिसमें वह बुरी तरह घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने पहले उसके साथ गाली-गलौच की और बाद में उसके घर पहुंचकर हमला कर दिया।
विपिन कुमार ने थाना किहार में दर्ज करवाई गई शिकायत में बताया कि यह घटना रात करीब 11 बजे की है। उस समय आरोपी उसके घर में घुस आए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी नाक की हड्डी तक टूट गई। शोर-शराबा सुनकर उसकी माता, पत्नी और पड़ोसी मौके पर पहुंचे और किसी तरह उसे आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।


घटना के बाद घायल विपिन कुमार को तुरंत एंबुलेंस के माध्यम से मेडिकल जांच के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक चंबा, विजय कुमार सकलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना किहार में भारतीय दंड संहिता की धारा 323 (मारपीट) और 504 (शांति भंग करने हेतु उकसाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पीड़ित का मेडिकल करवा लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ जल्द ही सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और चुनावी माहौल पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!