आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण में सहयोग करें लोग, रोजगार संबंधी आंकड़े जुटाए जाएंगे :- उपायुक्त मुकेश रेपसवाल

चंबा, 17 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपस्वाल ने जिला के सभी नागरिकों से जुलाई से दिसंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (Periodic Labour Force Survey – PLFS) में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण आर्थिक एवं सांख्यिकी निदेशालय द्वारा भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिला चंबा के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।उपायुक्त ने बताया कि इस महत्वपूर्ण सर्वेक्षण का उद्देश्य रोजगार, बेरोजगारी, श्रम बल की भागीदारी तथा अन्य श्रम संबंधी गतिविधियों से जुड़े विश्वसनीय और अद्यतन आंकड़े एकत्रित करना है। इन आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न विकासात्मक योजनाओं, रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण करती है, जिससे आम लोगों को बेहतर सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के दौरान चयनित परिवारों से प्रशिक्षित सर्वेक्षण दल संपर्क करेंगे और ई-सिग्मा सॉफ्टवेयर के माध्यम से आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे। इस प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है ताकि आंकड़ों का संग्रहण अधिक सटीक, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से किया जा सके।मुकेश रेपस्वाल ने लोगों से आग्रह किया कि वे सर्वेक्षण दलों को सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही वास्तविक और विश्वसनीय आंकड़े प्राप्त किए जा सकते हैं, जो भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के दौरान एकत्रित की जाने वाली सभी जानकारियां पूर्णतः गोपनीय रखी जाएंगी।

किसी भी व्यक्ति या परिवार की व्यक्तिगत जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाएगी और इसका उपयोग केवल सांख्यिकीय एवं शोध संबंधी उद्देश्यों के लिए ही किया जाएगा।उन्होंने जिला वासियों से अपील करते हुए कहा कि वे सर्वेक्षण टीमों का सहयोग करें और इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।