राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए पर जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन सक्रिय

राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए पर जल निकासी व्यवस्था सुधारने के लिए प्रशासन सक्रिय

चंबा, 17 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए के अंतर्गत मोहल्ला हरदासपुर, मुगला तथा करियां सहित अन्य क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था के उन्नयन और सुधार को लेकर जिला प्रशासन ने आवश्यक कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में सोमवार को उपायुक्त कार्यालय में राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के स्थानीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक के दौरान उपायुक्त ने संबंधित क्षेत्रों में मौजूदा जल निकासी व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और अधिकारियों से विभिन्न समस्याओं तथा उनके समाधान पर चर्चा की।

उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इस दिशा में समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने उपमंडलीय प्रशासन को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान जल निकासी व्यवस्था में आ रही बाधाओं की पहचान कर आवश्यक रिपोर्ट तैयार की जाए, ताकि सुधारात्मक कार्यों को शीघ्रता से अमल में लाया जा सके।उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जल निकासी नालियों के आसपास हुए अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए।

साथ ही लोगों द्वारा नालियों के किनारे रखी गई निर्माण सामग्री को भी हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे पानी की निकासी सुचारू रूप से हो सके और भविष्य में जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।बैठक में एनएचएआई के स्थानीय अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने मौके पर सामने आ रही विभिन्न तकनीकी और व्यावहारिक चुनौतियों से भी उपायुक्त को अवगत करवाया।इस अवसर पर सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडलाधिकारी (चंबा) चिराग शर्मा, एनएचएआई के डीएम यशवंत तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!