बड़ा भंगाल से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू, दुर्गम परिस्थितियों में टीम ने दिखाई बहादुरी

बड़ा भंगाल से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू, दुर्गम परिस्थितियों में टीम ने दिखाई बहादुरी

भरमौर/ चम्बा , 20 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिला कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र बड़ा भंगाल से एक गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित उपचार के लिए चंबा पहुंचाया गया। मरीज का उपचार पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, चंबा में जारी है। इस पूरे अभियान को भरमौर प्रशासन, आपदा प्रबंधन टीम और पर्वतारोहण दल के समन्वय से सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।जानकारी के अनुसार, मरीज की गंभीर स्थिति की सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कांगड़ा एवं उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा को प्राप्त हुई।

खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध न होने के कारण तत्काल वैकल्पिक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर पर्वतारोहण अनुदेशक पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय विशेष रेस्क्यू टीम का गठन किया गया। टीम 18 जुलाई 2026 को भरमौर से बड़ा भंगाल के लिए रवाना हुई और कठिन पर्वतीय रास्तों को पार करते हुए उसी रात मरीज तक पहुंच गई। 19 जुलाई की सुबह मरीज को स्ट्रेचर पर सुरक्षित निकालकर पैदल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।

कठिन मौसम, ऊबड़-खाबड़ रास्तों और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने धैर्य और साहस का परिचय देते हुए देर रात करीब 11 बजे मरीज को सुरक्षित धराड़ी तक पहुंचाया। वहां पहले से तैनात एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज भेजा गया।इस सफल अभियान में पर्वतारोहण दल, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा और प्रशासनिक अधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा। भरमौर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी संबंधित कर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए इसे समन्वय और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!