भारी बारिश के अलर्ट के बीच चंबा में आज भी रहेगे सभी स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद

चम्बा 21 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) चंबा द्वारा जारी ताजा आदेशों के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जिले में लगातार दूसरे दिन भी भारी वर्षा की संभावना जताई है। संभावित मूसलाधार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन कड़े कदम उठाए हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से जन-जीवन को सुरक्षित रखा जा सके।डीडीएमए ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश के चलते भूस्खलन, अचानक बाढ़ और सड़कों के अवरुद्ध होने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे हालात में आम लोगों की आवाजाही जोखिम भरी हो सकती है, विशेषकर स्कूली बच्चों, कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं के लिए।

इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिला दंडाधिकारी एवं डीडीएमए के अध्यक्ष मुकेश रेपसवाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 34 के तहत अपने अधिकारों का प्रयोग करते हुए 21 जुलाई को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केंद्रों (आवासीय संस्थानों को छोड़कर) को बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं।प्रशासन ने सभी शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्णय पूरी तरह से जन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।इसके अलावा, मानसून सीजन के दौरान मौसम की अनिश्चितता को देखते हुए जिले के सभी उपमंडल दंडाधिकारियों (एसडीएम) को स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार शिक्षण संस्थानों को बंद करने का अधिकार भी प्रदान किया गया है, ताकि समय रहते उचित कदम उठाकर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।