मैट्रिक्स एजुकेशन बनीखेत का वार्षिक समारोह धूमधाम से आयोजित

डलहौजी/चंबा 27 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
मैट्रिक्स एजुकेशन बनीखेत की ओर से चिनार पैलेस बनीखेत में वार्षिक समारोह-2026 का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और उपस्थित दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
कार्यक्रम में रोजगार कार्यालय डलहौजी के इंचार्ज कपिल, रमणीय वेलफेयर सोसायटी के महासचिव ऋषव घई, आवाज एनजीओ के अध्यक्ष सुभाष साहिल तथा साई पब्लिक स्कूल नैनिखड्ड के प्रधानाचार्य विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ अनुशासन, व्यक्तित्व विकास और बेहतर करियर निर्माण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
समारोह के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। विजेता विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत की सराहना करते हुए अतिथियों ने अन्य विद्यार्थियों को भी निरंतर प्रयास कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले विद्यार्थियों को भी उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह को सफल बनाने में विद्यार्थियों और संस्थान की पूरी टीम द्वारा किए गए प्रयासों की अतिथियों ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
समापन अवसर पर मैट्रिक्स एजुकेशन बनीखेत के निदेशक कुलदीप सिंह ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने समारोह की सफलता के लिए विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और व्यवस्थाओं में उनके योगदान की सराहना की। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में भी मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

समारोह का समापन पुरस्कार वितरण और विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की यादों के साथ खुशनुमा माहौल में हुआ।