चंबा के निजी होटल के कमरे से 14 ग्राम चिट्टा बरामद, दो पंजाबवासी युवक गिरफ्तार

चंबा 28 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा बाजार स्थित एक निजी होटल में पुलिस की विशेष जांच इकाई (SIU) की टीम ने पूर्व सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने नशे की खेप के साथ दो युवकों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी से प्राप्त जानकारी के अनुसार SIU टीम को पहले से सूचना मिली थी कि चंबा बाजार स्थित एक होटल के कमरे में कुछ लोग मादक पदार्थ के साथ मौजूद हैं। सूचना के आधार पर टीम ने होटल में दबिश दी और संबंधित कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को 14 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।

मौके पर मौजूद दोनों युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 31 वर्षीय सुमित, पुत्र राज वकील, निवासी फ्लैट नंबर-5, जीरकपुर, एसएएस नगर, मोहाली, पंजाब, तथा 27 वर्षीय स्टीव डेविड, पुत्र डेविड मसीह, निवासी प्लॉट नंबर-120, स्ट्रीट नंबर-1, बापू लखा सिंह पुल के नजदीक, सनसिटी जैसन, लुधियाना, पंजाब ।पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास चिट्टा कहां से पहुंचा और इसकी आपूर्ति आगे किन लोगों को की जानी थी। पुलिस होटल में इनके ठहरने और अन्य संभावित संपर्कों की भी जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

विशेष रूप से चिट्टा जैसे घातक नशीले पदार्थ की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा सूचना के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगामी जांच के आधार पर अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।