अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी को अम्बेडकर भवन में किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी को अम्बेडकर भवन में किया सम्मानित

अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी को अम्बेडकर भवन में किया सम्मानित

एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर चंबा और हिमाचल का नाम किया रोशन, युवाओं के लिए बनीं प्रेरणास्रोत

चंबा, 11 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मोहल्ला धड़ोग स्थित अम्बेडकर भवन में अंतरराष्ट्रीय धाविका सीमा कुमारी के सम्मान में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। अम्बेडकर मिशन सोसाइटी चंबा, अम्बेडकर यूथ क्लब, श्री गुरु रविदास सभा, भीमा बाई महिला मंडल तथा अम्बेडकर सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में सीमा कुमारी की खेल उपलब्धियों को सराहा गया।सीमा कुमारी ने एशियाई खेलों में 10,000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर जिला चंबा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

उनकी इस उपलब्धि को कड़ी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर संघर्ष का परिणाम बताते हुए वक्ताओं ने कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।अम्बेडकर मिशन सोसाइटी के महासचिव अनूप राही ने बताया कि समारोह का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। इसके बाद सीमा कुमारी और अन्य अतिथियों को बैज लगाकर तथा शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। आयोजक संस्थाओं ने संयुक्त रूप से सीमा कुमारी को स्मृति चिह्न भेंट किया।

कार्यक्रम के दौरान राजकीय माध्यमिक विद्यालय धड़ोग के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। योगेश्वर अहीर, अनूप राही, जितेश्वर सूर्या, अविनाश पाल और शिवचरण सहित अन्य वक्ताओं ने सीमा कुमारी के संघर्ष और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रतिभाओं को उचित अवसर और प्रोत्साहन मिले तो वे सफलता की नई ऊंचाइयां छू सकती हैं।समारोह में जिला परिषद सदस्य अंजू देवी, पूर्व जिला परिषद सदस्य मनोज कुमार मनु, संगीता देवी, राष्ट्रीय एथलेटिक्स खिलाड़ी करुणा चंद्रा, नगर परिषद चंबा के उपाध्यक्ष जितेन्द्र सूर्या सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे। आयोजकों ने युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और प्रतिभाओं का सम्मान करने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!