निर्माणाधीन निजी होटल की पांचवीं मंजिल से गिरकर पंजाब के 20 वर्षीय युवक की मौत

निर्माणाधीन निजी होटल की पांचवीं मंजिल से गिरकर पंजाब के 20 वर्षीय युवक की मौत

डलहौजी/चंबा 01 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पर्यटन नगरी डलहौजी में गुरु नानक पब्लिक स्कूल के समीप निर्माणाधीन एक निजी होटल की पांचवीं मंजिल से गिरकर 20 वर्षीय प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान मनप्रीत सिंह निवासी गांव व डाकघर तिरयोना, थाना सदर बठिंडा (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, आज डलहौजी पुलिस को सूचना मिली कि निर्माणाधीन निजी होटल के नीचे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल की जांच के दौरान युवक होटल की निचली तरफ औंधे मुंह गिरा हुआ मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतक के सिर पर गहरी चोट के साथ शरीर के अन्य हिस्सों पर भी गंभीर चोटों के निशान पाए गए।प्राथमिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर सामने आया कि मनप्रीत सिंह निर्माणाधीन होटल में एसीपी शीट लगाने का काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह पांचवीं मंजिल से नीचे जा गिरा। सिर के बल गिरने से उसे गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल डलहौजी में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी द्वारा इस सारे मामले की पुष्टि की गई है उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!