विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के ताजवां-धरवाल सड़क का भूमिपूजन, 25 लाख रुपये से होगा निर्माण

इंदौरा/ कांगडा 23 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
इंदौरा/ कांगडा 23 सितंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
विधानसभा क्षेत्र इंदौरा में सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए विकास कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में ताजवां से धरवाल वाया धुमलाहड़ गांव धरवाल तक सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन विधायक मलेंद्र राजन ने किया। इस सड़क के निर्माण पर करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है। ताजवां-धरवाल सड़क के निर्माण से स्थानीय ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और गांवों की मुख्य सड़क से बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा करने तथा गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।विधायक ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न सड़क कार्य शुरू किए गए हैं।

इसके अलावा क्षेत्र में जल्द ही इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है। बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 80 नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं, जबकि 13 करोड़ रुपये की लागत से विद्युत सब स्टेशन मोकी का निर्माण कार्य भी जारी है। संबंधित पंचायत में नया ट्रांसफार्मर जल्द स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।मलेंद्र राजन ने कहा कि सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, स्वरोजगार और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सामूहिक जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय लोगों के अलावा विद्युत, लोक निर्माण और जल शक्ति विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
