चौरी क्षेत्र में भालू का हमला, भेड़-बकरियां चराने जा रहा व्यक्ति घायल
सुबह करीब 9 बजे टप्पर गांव में हुई घटना, मेडिकल कॉलेज चंबा में उपचाराधीन; ग्रामीणों ने वन विभाग से उचित मुआवजा देने की उठाई मांग

भरमौर / चम्बा 18 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला चंबा के चौरी क्षेत्र में जंगली भालू के हमले से एक व्यक्ति घायल हो गया। घटना ग्राम पंचायत कूंर के टप्पर गांव की है, जहां भेड़-बकरियां चराने जा रहे प्रह्लाद पर अचानक भालू ने हमला कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों में जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर चिंता गहराने लगी है।जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 9 बजे की है। प्रह्लाद रोजमर्रा की तरह अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका सामना भालू से हो गया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, भालू ने उन पर हमला कर दिया। हमले में प्रह्लाद घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल की सहायता की और उन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया।

यहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।इस घटना के बाद टप्पर सहित आसपास के गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में भालू सहित अन्य जंगली जानवरों की आवाजाही लगातार चिंता का विषय बनी हुई है। खासकर पशुपालकों और जंगलों के आसपास रोजमर्रा के कार्यों के लिए जाने वाले ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर काम करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र में भालू की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विशेष निगरानी की जाए तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही घायल प्रह्लाद को वन विभाग के नियमानुसार उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उन्हें उपचार और अन्य जरूरतों में आर्थिक सहायता मिल सके।
