पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सरोल में आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित

चम्बा 30 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विद्यार्थियों और स्टाफ को सिखाए आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके, सुरक्षित निकासी एवं बचाव कार्यों का करवाया व्यावहारिक अभ्यासचंबा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), चंबा की ओर से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, सरोल में आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने की तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय के स्टाफ को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया तथा त्वरित बचाव कार्यों के प्रति जागरूक करना रहा।

मॉक ड्रिल के दौरान डीडीएमए चंबा की ओर से सुमित गुप्ता एवं भार्गव शर्मा ने प्रतिनिधित्व किया। वहीं, होमगार्ड विभाग और अग्निशमन विभाग की टीमों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। दोनों विभागों के कर्मचारियों ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में बचाव कार्यों और आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी दी। इसके साथ ही अग्निशमन उपकरणों के उपयोग और सुरक्षित तरीके से घटनास्थल से बाहर निकलने की प्रक्रिया का अभ्यास भी करवाया गया।इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विक्रम सचदेवा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आपदा प्रबंधन की जानकारी प्रत्येक विद्यार्थी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय धैर्य, सतर्कता और अनुशासन बनाए रखना चाहिए।

सही समय पर सही निर्णय लेने और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने से जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।अभ्यास के दौरान विद्यार्थियों को निर्धारित निकासी मार्गों का उपयोग करने, सुरक्षित स्थानों तक पहुंचने तथा राहत एवं बचाव दलों के निर्देशों का पालन करने के बारे में विस्तार से बताया गया।डीडीएमए चंबा की ओर से इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों और मॉक ड्रिल के माध्यम से शैक्षणिक संस्थानों में आपदा प्रबंधन की समझ विकसित करने तथा विद्यार्थियों को किसी भी आपात स्थिति का सामना करने के लिए तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!