विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, चंबा की सड़क परियोजनाओं पर की चर्चा

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से की मुलाकात, चंबा की सड़क परियोजनाओं पर की चर्चा

चुवाड़ी-चंबा सुरंग निर्माण और द्रमण-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा सहित तीसा-साच-पांगी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की उठाई मांग

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिला चंबा की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की और क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।मुलाकात के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने चंबा जिले की भौगोलिक परिस्थितियों, दुर्गम क्षेत्रों और लोगों की आवागमन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सड़क नेटवर्क के विस्तार एवं सुधार का विषय प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से जिले के दूरदराज क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा के क्षेत्र में भी लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।कुलदीप सिंह पठानिया ने चुवाड़ी से चंबा तक सुरंग निर्माण की मांग भी केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र में आवागमन को अधिक सुविधाजनक बनाने और चंबा जिले के विभिन्न हिस्सों के बीच संपर्क बेहतर करने की संभावनाएं हैं। सुरंग निर्माण से संबंधित मांग को क्षेत्र के दीर्घकालिक विकास और सड़क संपर्क की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इसके अतिरिक्त विधानसभा अध्यक्ष ने द्रमण-सिहुंता-चुवाड़ी-चंबा मार्ग तथा जोत-तीसा-साच होते हुए पांगी तक जाने वाली सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की मांग उठाई।

उन्होंने इन मार्गों के सामरिक, सामाजिक और आर्थिक महत्व को ध्यान में रखते हुए इन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क में शामिल करने की आवश्यकता पर बल दिया।इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य चंबा जिले की सड़क परियोजनाओं को गति देना और दुर्गम क्षेत्रों में यातायात सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए केंद्र सरकार का सहयोग प्राप्त करना रहा। इन मांगों के पूरा होने से जिले के विकास को नई दिशा मिलने और स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!