एशियाई खेलों की पदक विजेता सीमा को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने किया सम्मानित

चंबा, 06 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
जापान के आइची-नागोया में आयोजित 2026 एशियाई खेलों में 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर देश, हिमाचल प्रदेश और जिला चंबा का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय एथलीट सीमा को उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर सीमा के परिवार के सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने सीमा को शानदार उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमा की सफलता पूरे जिला चंबा के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि जिले के अत्यंत दूरदराज क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना सीमा की कड़ी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है।उपायुक्त ने कहा कि सीमा की उपलब्धि जिले के युवाओं, विशेषकर ग्रामीण एवं दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

उनकी सफलता से अन्य युवा भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित होंगे।इस दौरान उपायुक्त ने सीमा से उनकी खेल गतिविधियों, प्रशिक्षण, अभ्यास और दैनिक दिनचर्या के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सीमा के खेल सफर और तैयारियों को लेकर चर्चा करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और अनुशासन के बल पर खिलाड़ी अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है।उपायुक्त ने सीमा को आगामी ओलंपिक सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने और स्वर्ण पदक जीतने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सीमा ने अपनी उपलब्धि से चंबा की खेल प्रतिभा को देश-दुनिया के सामने पहचान दिलाई है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अंजू कुमारी, सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडल अधिकारी (ना.) चिराग शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी डॉ. विक्रम जीत सिंह और उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन उपस्थित रहे।