चंबा में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण की समीक्षा, मैपिंग प्रक्रिया में चुराह सबसे आगे

चंबा 06 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हिमाचल प्रदेश नंदिता गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में जिले में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2002 के विशेष गहन पुनरीक्षण के आधार पर 1 जनवरी, 2025 की मतदाता सूची के तहत चल रही मैपिंग एवं सत्यापन प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई।नंदिता गुप्ता ने चंबा जिले में मैपिंग कार्य की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विधानसभा क्षेत्र चुराह में 93.83 प्रतिशत, भरमौर में 92.30 प्रतिशत, डलहौजी में 90.60 प्रतिशत, भटियात में 89.75 प्रतिशत तथा चंबा विधानसभा क्षेत्र में 86.20 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग प्रक्रिया पूर्ण होने की जानकारी दी। उन्होंने सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों एवं एसडीएम को शेष मैपिंग कार्य को निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने या तार्किक विसंगतियों के कारण नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं को आवश्यक सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।

ऐसे मामलों में बूथ लेवल अधिकारी संबंधित मतदाताओं के घर जाकर आवश्यक दस्तावेज एकत्र करेंगे। मामलों के त्वरित समाधान के लिए ऑनलाइन सुनवाई को प्राथमिकता देने के साथ पंचायत स्तर पर विशेष सुनवाई शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न जल विद्युत परियोजनाओं से जा चुके कर्मचारियों एवं कामगारों के मतदाता रिकॉर्ड का सत्यापन करने, अस्थायी बस्तियों में रहने वाले लोगों तथा जरूरतमंद पात्र नागरिकों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। घुमंतु परिवारों और अन्य राज्यों से आकर जिले में बसे पंजीकृत मतदाताओं से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई।उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने बैठक में स्वागत संबोधन देते हुए जिले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। बैठक में विभिन्न निर्वाचन अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
