कांगड़ा में 6.24 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार, स्कूटी भी जब्त

कांगड़ा, 09 अक्टूबर चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला कांगड़ा में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में CIA टीम कांगड़ा ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बिरता के भट्टा रोड पर दो व्यक्तियों को कथित तौर पर 6.24 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से संबंधित स्कूटी को भी जब्त कर लिया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को CIA टीम कांगड़ा ने भट्टा रोड, बिरता में गुप्त सूचना के आधार पर जांच की। इस दौरान स्कूटी नंबर HP-40F-0763 की डिक्की की तलाशी लेने पर 6.24 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और स्कूटी को कब्जे में ले लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमन सहगल (48), निवासी रिहालपुरा, जिला कांगड़ा, तथा विकास धीमान (43), निवासी धीरा, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) की संबंधित धाराओं के तहत पुलिस थाना कांगड़ा में मामला दर्ज किया है। मामले में आगामी जांच जारी है।पुलिस अधीक्षक कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा।पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। जनसहयोग से ही नशे के खिलाफ इस लड़ाई को प्रभावी बनाया जा सकता है।