भलेई में भाजपा मंडल की मासिक बैठक आयोजित, संगठन की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुआ मंथन

भलेई/ चम्बा, 09 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो
भाजपा मंडल भलेई की मासिक बैठक का आयोजन आज मंडल अध्यक्ष मनोज भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और आगामी कार्ययोजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।बैठक में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श किया। विधायक डीएस ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा क्षेत्र के लोगों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।बैठक का एक प्रमुख विषय केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करवाना रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए रणनीति पर चर्चा की गई। इस दौरान पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी देने, उन्हें लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत करवाने और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।बैठक में संगठनात्मक एकजुटता, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और आगामी कार्यक्रमों की सफलतापूर्वक रूपरेखा तैयार करने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर पर अधिक प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।इस अवसर पर मंडल प्रभारी संदीप पनियाल, मंडल विस्तारक संजीव भारद्वाज सहित भाजपा मंडल के विभिन्न पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक के माध्यम से संगठन को मजबूत बनाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया गया।