चंबा में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, 90 प्रतिभागियों ने लिया भाग

चंबा, 09 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा की ओर से अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में जीएनएम नर्सिंग कॉलेज, चंबा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें कुल 90 प्रतिभागियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं के अधिकारों की सुरक्षा, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने तथा भ्रूण के लिंग चयन पर रोक लगाने संबंधी कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।यह कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, शिमला की ओर से अक्टूबर 2026 के लिए जारी कार्ययोजना के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा के सचिव एकांश कपिल तथा चिकित्सा अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. कविता महाजन ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।वक्ताओं ने बालिकाओं के अधिकारों, सम्मान और समानता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज में बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य और जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में समान अवसर उपलब्ध करवाना आवश्यक है।

उन्होंने गर्भधारण-पूर्व और प्रसव-पूर्व निदान तकनीक (लिंग चयन प्रतिषेध) अधिनियम, 1994 यानी पीसीपीएनडीटी अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी भी दी।कार्यक्रम के दौरान गर्भस्थ शिशु के लिंग चयन पर कानूनी प्रतिबंध, प्रसव-पूर्व जांच तकनीकों के दुरुपयोग तथा अधिनियम का उल्लंघन करने पर होने वाली कानूनी कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया गया। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पेशेवरों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए व्यावसायिक नैतिकता और कानून का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।वक्ताओं ने कहा कि बालिकाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। इसके लिए लोगों को लैंगिक भेदभाव समाप्त करने और बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच अपनाने की आवश्यकता है।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की यह पहल कानूनी जागरूकता बढ़ाने और बालिकाओं के अधिकारों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
