चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर SIU की बड़ी कार्रवाई, 14 ग्राम चिट्टा सहित दो आरोपी गिरफ्तार

चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर SIU की बड़ी कार्रवाई, 14 ग्राम चिट्टा सहित दो आरोपी गिरफ्तार

चंबा, 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)


जिला चंबा में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (SIU) को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते कल सायं लगभग 7 बजे नियमित गश्त के दौरान चंबा–पठानकोट मुख्य मार्ग पर स्थित गंडियार नाला के पास SIU टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों के कब्जे से कुल 14 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व इंस्पेक्टर गगन के मार्गदर्शन में किया गया, जिसमें हेड कांस्टेबल अवनीश सहित SIU टीम के अन्य सदस्य भी शामिल रहे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 34 वर्षीय गुरप्रीत सिंह , पुत्र मच्छिंद्र सिंह, निवासी गांव कोट मुगल, तहसील अजनाला, जिला अमृतसर (पंजाब) तथा 35 वर्षीय हरदेव सिंह , पुत्र सुबिंदर पाल सिंह, निवासी व फतेहगढ़ चिरियां, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है।


पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी नशीले पदार्थ की तस्करी के इरादे से इस मार्ग से गुजर रहे थे, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी नेजानकारी देखते हुए बताया कि मामला दर्ज कर आगामी जांच SIU टीम द्वारा जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी इस अवैध कारोबार में कब से संलिप्त थे और इनके संपर्क किन-किन लोगों से जुड़े हुए हैं।


जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!