मिंजर मेला-2026 में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) का विधिक जागरूकता स्टॉल शुरू, आमजन को मिलेगी मुफ्त कानूनी जानकारी

चंबा, 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) चंबा द्वारा ऐतिहासिक चौगान में स्टॉल संख्या-17 पर प्रदर्शनी सह विधिक जागरूकता स्टॉल स्थापित किया गया है। इस स्टॉल का शुभारंभ आज प्रातः अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश चंबा रमणीक शर्मा द्वारा विधिवत रूप से किया गया।इस अवसर पर रमणीक शर्मा ने कहा कि आमजन को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण पात्र व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करता है तथा समय-समय पर विभिन्न जनकल्याणकारी कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध करवाता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनें।स्टॉल के माध्यम से आगंतुकों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। इनमें निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता, महिला एवं बाल अधिकार, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, नशा उन्मूलन, साइबर अपराध से बचाव सहित अन्य महत्वपूर्ण कानूनी विषय शामिल हैं। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न पुस्तिकाओं और प्रचार सामग्री का वितरण भी किया जा रहा है।इस कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी चंबा निखिल अग्रवाल, सचिव डीएलएसए एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल, मोबाइल ट्रैफिक मजिस्ट्रेट विभूति, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रणव नेगी, मुख्य विधिक सहायता अधिवक्ता डी.पी. मल्होत्रा तथा जिला बार एसोसिएशन चंबा के अध्यक्ष अंकुश गुप्ता सहित कई न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता से आग्रह किया है कि वे 26 जुलाई से 2 अगस्त तक चौगान चंबा में लगाए गए इस स्टॉल का भ्रमण कर निःशुल्क कानूनी सहायता और विभिन्न कानूनों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त करें।