पीएम श्री योजना के क्रियान्वयन का सहायक आयुक्त ने किया निरीक्षण, विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना

डलहौजी/चम्बा 26 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
बीते कल केंद्रीय विद्यालय संगठन, गुरुग्राम संभाग के सहायक आयुक्त भूपेश भट्ट ने विद्यालय का दौरा कर पीएम श्री योजना के प्रभावी क्रियान्वयन का जायजा लिया। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य योजना के अंतर्गत संचालित गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों तथा विद्यार्थियों के लिए विकसित किए गए शैक्षिक वातावरण का मूल्यांकन करना रहा।दौरे के दौरान सहायक आयुक्त ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत संरचना का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाओं, खेल सुविधाओं तथा पीएम श्री योजना के तहत विकसित अधिगम संसाधनों का अवलोकन किया। इस दौरान विद्यालय में अपनाए जा रहे नवाचारों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के प्रयासों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।निरीक्षण के दौरान भूपेश भट्ट ने कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं तथा करियर विकल्पों के बारे में मार्गदर्शन दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य स्पष्ट रखने, अनुशासन के साथ अध्ययन करने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।इसके पश्चात उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुणवत्तापूर्ण, समावेशी एवं आधुनिक शिक्षा के संकल्प को दोहराया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिक्षक का दायित्व है कि वह विद्यार्थी हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे। साथ ही पीएम श्री योजना के अंतर्गत प्राप्त बजट एवं संसाधनों का पारदर्शी और उद्देश्यपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने पर बल दिया।सहायक आयुक्त ने विद्यालय द्वारा किए जा रहे नवाचारों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की सराहना करते हुए इसे योजना के उद्देश्यों के अनुरूप बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्राचार्या श करमजीत कौर ने उनका धन्यवाद करते हुए आश्वासन दिया कि प्राप्त सुझावों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।