चंबा कॉलेज की वेटलिफ्टिंग टीम ने जीते 8 पदक, ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

चंबा कॉलेज की वेटलिफ्टिंग टीम ने जीते 8 पदक, ओवरऑल तीसरा स्थान हासिल कर बढ़ाया जिले का मान

तीन स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने किया सम्मानित

चंबा 14 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

राजकीय महाविद्यालय चंबा की वेटलिफ्टिंग टीम ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की अंतर-महाविद्यालय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल तृतीय स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने पदक विजेता खिलाड़ियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से राजकीय महाविद्यालय नादौन में 7 से 9 अक्टूबर, 2026 तक आयोजित प्रतियोगिता में चंबा कॉलेज की 11 सदस्यीय टीम ने भाग लिया। टीम ने कुल आठ पदक अपने नाम किए, जिनमें तीन स्वर्ण, तीन रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।प्रतियोगिता में उदय सिंह ने 75 किलोग्राम, विधु प्रिया ने 86 किलोग्राम और पूजा ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीते।

वहीं, साहिल ने 60 किलोग्राम, यमन ने 65 किलोग्राम और तनीष ने 95 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किए। युवराज ने 60 किलोग्राम और ममता ने 49 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ उनमें आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं।टीम प्रभारी प्रो. मणिराज सिंह राठौर ने बताया कि स्वर्ण पदक विजेता उदय सिंह, विधु प्रिया और पूजा आगामी अंतर-विश्वविद्यालय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत, कोच शिवाली राजपूत के मार्गदर्शन और महाविद्यालय प्रशासन के सहयोग को दिया।

इस अवसर पर कोच शिवाली राजपूत, प्रो. अविनाश, डॉ. प्रशांत, अधीक्षक मनमोहन सिंह, हितेश सलवानिया सहित महाविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!