चंबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में एक ही बेड पर महिला-पुरुष मरीज, वायरल वीडियो से व्यवस्था पर उठे सवाल

चंबा 20 सितंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा की इमरजेंसी व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो ने अस्पताल में मरीजों की सुविधा और निजता से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में इमरजेंसी वार्ड के एक ही बेड पर महिला और पुरुष मरीज के लेटे होने का दृश्य दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मरीजों के तीमारदारों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर चिंता जताई है।लोगों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ना स्वाभाविक है और ऐसे समय अस्पताल पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। हालांकि, महिला और पुरुष मरीजों को एक ही बेड पर उपचार के लिए रखना मरीजों की निजता और गरिमा के लिहाज से उचित व्यवस्था नहीं मानी जा सकती। लोगों ने अस्पताल प्रशासन से इमरजेंसी वार्ड में पर्याप्त संख्या में अलग-अलग बेड उपलब्ध करवाने की मांग की है, ताकि मरीजों की संख्या बढ़ने पर भी ऐसी स्थिति उत्पन्न न हो।मामले के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि वायरल वीडियो अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि कई बार इमरजेंसी में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ जाने के कारण उपलब्ध बेड कम पड़ जाते हैं। ऐसी परिस्थितियों में अस्पताल को अतिरिक्त दबाव का सामना करना पड़ता है।डॉ. मानिक सहगल ने आश्वासन दिया कि इमरजेंसी वार्ड में जल्द ही अतिरिक्त बेड की व्यवस्था की जाएगी, जिससे मरीजों को बेहतर और सुचारू उपचार उपलब्ध करवाया जा सके।वायरल वीडियो ने अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं में क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ मरीजों की निजता और गरिमा सुनिश्चित करने की आवश्यकता को भी सामने ला दिया है। अब लोगों की नजर अस्पताल प्रशासन की ओर है कि अतिरिक्त बेड की व्यवस्था कितनी जल्द धरातल पर लागू होती है।