तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत चंबा बाजार में संयुक्त विभागीय टीम की दबिश, 27,600 रुपये जुर्माना वसूला

चंबा, 19 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग तथा पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को चंबा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान तंबाकू नियंत्रण से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों और सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चालान किए गए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 27,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
यह कार्रवाई मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज के दिशा-निर्देशों के तहत की गई। अभियान के दौरान बिना पंजीकरण तंबाकू उत्पाद बेचने, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने, खुले में बीड़ी और सिगरेट बेचने तथा तंबाकू उत्पादों के अप्रत्यक्ष विज्ञापन से संबंधित नियमों के उल्लंघन के मामलों की जांच की गई।

जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी ने बताया कि तंबाकू उत्पादों के अप्रत्यक्ष विज्ञापन और खुले में बीड़ी-सिगरेट की बिक्री को विभाग गंभीरता से ले रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में तंबाकू नियंत्रण अधिनियम के प्रावधानों को सख्ती से लागू किया जा रहा है, ताकि युवाओं को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके। उन्होंने दुकानदारों से भी अपील की कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और खुले में बीड़ी व सिगरेट की बिक्री से परहेज करें।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान हिमाचल प्रदेश अधिनियम, 2016 की धारा-3, जिसके तहत खुली बीड़ी और सिगरेट की बिक्री पर प्रतिबंध है, तथा कोटपा (COTPA) अधिनियम की धारा 6A के तहत कार्रवाई की गई।

इस संयुक्त टीम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग चंबा दीपक आनंद तथा पुलिस विभाग से मंजीत धीमान शामिल रहे। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि युवाओं को नशे और तंबाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए इस तरह के निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे।