इंदिरा गांधी की जयंती पर रिज मैदान में अर्पित किए श्रद्धासुमन, केहर सिंह खाची ने किया योगदान को याद

इंदिरा गांधी की जयंती पर रिज मैदान में अर्पित किए श्रद्धासुमन, केहर सिंह खाची ने किया योगदान को याद

शिमला 19 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

भारत की पूर्व प्रधानमंत्री एवं लौह महिला के नाम से विश्वभर में विख्यात स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर बुधवार को रिज मैदान शिमला स्थित उनकी प्रतिमा के समक्ष श्रद्धासुमन अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने देश के निर्माण, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता तथा भारत को सशक्त राष्ट्र बनाने में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।इस अवसर पर वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने कहा कि इंदिरा गांधी दृढ़ इच्छाशक्ति और साहसिक निर्णय लेने वाली महान नेता थीं। उन्होंने अपने कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लेकर देश की सामाजिक और आर्थिक व्यवस्था को नई दिशा प्रदान की।

उनके मजबूत नेतृत्व और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने की प्रतिबद्धता के कारण उन्हें आज भी लौह महिला के रूप में याद किया जाता है।खाची ने कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण इंदिरा गांधी का एक ऐतिहासिक निर्णय था। इससे बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों तक हुआ और किसानों, बागवानों तथा आम लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त हुआ। उन्होंने पूर्व रियासतों के राजाओं को मिलने वाले प्रिवी पर्स और विशेषाधिकारों को समाप्त करने के फैसले को भी सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने हमेशा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को सर्वोपरि रखा। राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान सदैव याद किया जाता रहेगा और उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा।इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से श्रद्धांजलि दी।कार्यक्रम में उपमहापौर उमा कौशल, उपायुक्त अनुपम कश्यप, एसएसपी गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल सहित विभिन्न अधिकारी, पार्षद और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!