मानसिक स्वास्थ्य के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक, तनाव से बचने के बताए उपाय

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक, तनाव से बचने के बताए उपाय

चम्बा, 19 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य में मुख्य चिकित्सा अधिकारी चम्बा डॉ. जालम भारद्वाज के दिशा-निर्देशों के तहत राजकीय उच्च विद्यालय रजेरा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें पढ़ाई और दैनिक जीवन में होने वाले मानसिक तनाव से निपटने के प्रभावी उपायों की जानकारी देना रहा।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सुहैल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य व्यक्ति के समग्र स्वास्थ्य का अभिन्न हिस्सा है। स्वस्थ मन और सकारात्मक सोच से ही विद्यार्थी शिक्षा सहित जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पढ़ाई, परीक्षाओं और प्रतिस्पर्धा के चलते विद्यार्थियों में मानसिक तनाव, चिंता और दबाव बढ़ रहा है। ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना बेहद जरूरी है।उन्होंने विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान तनाव से बचने के लिए नियमित अध्ययन करने, समय-सारणी बनाने और विषयों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर पढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के बीच पर्याप्त विश्राम लेना चाहिए तथा दूसरे विद्यार्थियों से अपनी तुलना करने के बजाय अपनी क्षमताओं और प्रगति पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।डॉ. सुहैल ने खेलकूद, योग, ध्यान और रचनात्मक गतिविधियों को मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी बताते हुए पर्याप्त नींद लेने, संतुलित आहार अपनाने और सकारात्मक सोच विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास एवं अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यार्थी को लंबे समय तक तनाव, उदासी या घबराहट महसूस हो तो उसे अपनी परेशानी छिपाने के बजाय अभिभावकों, शिक्षकों अथवा स्वास्थ्य विशेषज्ञों से खुलकर बात करनी चाहिए। शिविर में विद्यालय के प्रधानाचार्य, अध्यापक एवं अन्य स्कूल स्टाफ भी उपस्थित रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!