नूरपुर में पंचायती चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान शांतिपूर्ण संपन्न, मतगणना की तैयारियां तेज

कांगडा/ नूरपुर 28 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पुलिस जिला नूरपुर के अंतर्गत पंचायती चुनाव के द्वितीय चरण का मतदान आज पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो गया। इस दौरान स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और प्रशासन को भरपूर सहयोग प्रदान किया, जिसके चलते पूरे क्षेत्र में कहीं भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। युवाओं से लेकर बुजुर्गों तक में मतदान को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। पुलिस और प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे, जिससे मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और निर्बाध रूप से पूरी हो सकी। नूरपुर पुलिस पूरे समय अलर्ट मोड पर रही और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।

मतदान समाप्त होने के बाद अब प्रशासन द्वारा मतगणना की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, मतगणना प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाई जाएगी। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा चुकी हैं।इस बीच नूरपुर पुलिस ने सभी नागरिकों, प्रत्याशियों एवं उनके समर्थकों से अपील की है कि वे मतगणना के दौरान और परिणाम घोषित होने के बाद भी शांति एवं सौहार्द बनाए रखें। पुलिस ने लोगों को अफवाहों से दूर रहने और किसी भी भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने का आग्रह किया है।प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से यह चुनावी प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
