पालमपुर सेना भर्ती कार्यालय ने CEE 2026 के एडमिट कार्ड जारी किए, 1 जून से परीक्षा शुरू

कांगड़ा/ पालमपुर 27 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पालमपुर स्थित सेना भर्ती कार्यालय द्वारा ऑनलाइन सामान्य प्रवेश परीक्षा (CEE) 2026 के लिए एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। भर्ती कार्यालय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह परीक्षा भारतीय थल सेना में अग्निवीर भर्ती के विभिन्न पदों के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें अग्निवीर सामान्य ड्यूटी (GD), अग्निवीर तकनीकी (Technical), अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी (Clerk/SKT), अग्निवीर ट्रेड्समैन (10वीं पास), अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं पास) और अग्निवीर वूमन एमपी (Women MP) शामिल हैं।भर्ती निदेशक के अनुसार, सभी श्रेणियों के लिए CEE परीक्षा 1 जून 2026 से शुरू होगी। उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय रहते भारतीय थल सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लें और परीक्षा की तैयारी में जुट जाएं। एडमिट कार्ड परीक्षा में प्रवेश के लिए अनिवार्य दस्तावेज है, इसलिए इसे परीक्षा केंद्र पर साथ ले जाना आवश्यक होगा।

इसके अलावा, भर्ती कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी उम्मीदवार को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या अन्य दिक्कत का सामना करना पड़ता है, तो घबराने की आवश्यकता नहीं है। ऐसे अभ्यर्थी सीधे सेना भर्ती कार्यालय, पालमपुर में व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, कार्यालय द्वारा जारी दूरभाष नंबर 8894088311 पर कॉल करके भी अपनी समस्या का समाधान प्राप्त किया जा सकता है।सेना भर्ती कार्यालय ने सभी उम्मीदवारों को निर्देशों का पालन करने, समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।