मूसलाधार बारिश से चुराह क्षेत्र में हालात बिगड़े, रामपुर नाले में फंसी निजी बस को सुरक्षित निकाला गया

मूसलाधार बारिश से चुराह क्षेत्र में हालात बिगड़े, रामपुर नाले में फंसी निजी बस को सुरक्षित निकाला गया

तीसा/ चम्बा 21 मुकेश कुमार (गोल्डी)

चुराह उपमंडल में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो गया है। तीसा-चंबा मार्ग पर कंदला के समीप रामपुर नाला उफान पर आ गया, जिससे चांजू-चंबा रूट पर चलने वाली एक निजी बस बीच रास्ते में फंस गई। बताया जा रहा है कि अचानक जलस्तर बढ़ने के कारण बस लगभग आधे घंटे तक नाले में फंसी रही, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों और लोक निर्माण विभाग (PWD) की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई।जिले में बीती रात से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण छोटे-बड़े सभी नदी-नाले उफान पर हैं।

कई स्थानों पर जलस्तर अचानक बढ़ने से जोखिम की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग द्वारा पहले ही भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी, जिसके मद्देनज़र जिला प्रशासन सतर्क है।एहतियातन प्रशासन ने जिले के सभी शिक्षण संस्थानों और आंगनवाड़ी केंद्रों में छुट्टी घोषित कर दी है, ताकि बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही जिला प्रशासन ने एडवाइजरी जारी करते हुए लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरी काम के ऊपरी और संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचें।प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की सलाह दी है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत संबंधित विभागों को सूचित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि समय रहते सहायता पहुंचाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!