युवाओं को रोजगार दिलाने वाले कौशल प्रशिक्षण को दें प्राथमिकता :- उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप

युवाओं को रोजगार दिलाने वाले कौशल प्रशिक्षण को दें प्राथमिकता :- उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप

शिमला 06 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय में जिला कौशल समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (PMKVY) 4.0 के तहत जिले में कौशल प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों की प्रगति और निर्धारित प्रशिक्षण लक्ष्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम (HPKVN) की ओर से जिले के प्रशिक्षण लक्ष्य प्रस्तुत किए गए। PMKVY 4.0 के तहत शिमला जिले में कुल 2,670 प्रशिक्षण का लक्ष्य निर्धारित है। इनमें 1,080 शॉर्ट टर्म ट्रेनिंग (ST) और 1,590 रिकग्निशन ऑफ प्रायर लर्निंग (RPL) प्रशिक्षण शामिल हैं।38वीं एग्जीक्यूटिव कमेटी (EC) के तहत 810 अभ्यर्थियों के लिए शॉर्ट टर्म प्रशिक्षण पर भी चर्चा हुई। पर्यटन एवं आतिथ्य क्षेत्र में असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, नेचर गाइड और गेस्ट सर्विस एग्जीक्यूटिव, जबकि पर्यावरण विज्ञान क्षेत्र में ग्रीन एनर्जी सुपरवाइजर जैसे जॉब रोल के लिए प्रशिक्षण प्रस्तावित है।

उपायुक्त ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि केवल ट्रेनर की उपलब्धता के आधार पर प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित न किए जाएं। ऐसे कोर्स को प्राथमिकता दी जाए, जिनके बाद युवाओं को रोजगार मिलने की वास्तविक संभावनाएं हों। उन्होंने कहा कि युवाओं की रुचि, योग्यता और स्थानीय रोजगार बाजार की मांग के अनुरूप प्रशिक्षण उपलब्ध करवाया जाना चाहिए। साथ ही प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षकों की उपलब्धता और प्रशिक्षण के बाद बेहतर प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।बैठक में 37वीं EC के तहत हेल्थकेयर में 270 शॉर्ट टर्म और होम मैनेजमेंट एवं केयरगिवर क्षेत्र में 270 RPL प्रशिक्षण की समीक्षा की गई। 38वीं EC के तहत 810 शॉर्ट टर्म और 1,320 RPL प्रशिक्षण का लक्ष्य रखा गया है।स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को आईएचएम कुफरी में मिलेगा प्रशिक्षणबैठक में निर्णय लिया गया कि आईएचएम कुफरी में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को हॉस्पिटैलिटी, कुकिंग और फूड प्रेजेंटेशन सहित अन्य विषयों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शुरुआत में जिलाधीश परिसर की कैंटीन संचालित कर रहे स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को प्रशिक्षण के लिए कुफरी भेजा जाएगा। आईएचएम कुफरी को इसके लिए पाठ्यक्रम का प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।बैठक में अतिरिक्त आयुक्त नगर निगम शिमला डॉ. भुवन शर्मा, प्रधानाचार्य आईएचएम कुफरी डॉ. मुकुल डिमरी, एलडीएम प्रद्युम्न नेगी, जिला रोजगार अधिकारी प्रवीण नगराईक सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!