शिमला में ई-टैक्सी को बढ़ावा, दो आवेदकों को 14.66 लाख रुपये की सब्सिडी मंजूर

शिमला 06 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना-2023 (RGSSY) के तहत ई-टैक्सी के एक्स-शोरूम मूल्य पर 50 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान करने के लिए प्राप्त आवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। पात्रता और निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने वाले दो आवेदनों को समिति ने मंजूरी प्रदान की।बैठक में संदीप कुमार पुत्र मान सिंह को 7,49,950 रुपये तथा ईश्वर दास पुत्र ठाकुर दास को 7,17,000 रुपये की सब्सिडी देने के मामले अनुमोदन के लिए समिति के समक्ष रखे गए। दस्तावेजों और योजना के प्रावधानों की जांच के बाद दोनों आवेदनों को स्वीकृति प्रदान कर दी गई। इस तरह दोनों लाभार्थियों को कुल 14,66,950 रुपये की सब्सिडी मिलेगी।बैठक में बताया गया कि शिमला जिला में राजीव गांधी स्वरोजगार स्टार्टअप योजना के तहत अब तक 11 आवेदकों ने पोर्टल के माध्यम से आवेदन किया है। इनमें से पांच आवेदनों को जिला स्तरीय समिति पहले ही मंजूरी दे चुकी है।

दो आवेदनों को 28 जून 2025 तथा तीन आवेदनों को 17 जुलाई 2025 को अनुमोदन प्रदान किया गया था।7 लाभार्थियों को मिल चुका योजना का लाभअधिकारियों ने बताया कि शिमला जिला में अब तक 7 लाभार्थी इस योजना का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। इन लाभार्थियों को कुल 60 लाख 94 हजार 295 रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। वर्तमान में जिले में योजना के तहत 20 ई-टैक्सियां संचालित हो रही हैं।उपायुक्त अनुपम कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत प्राप्त आवेदनों का निपटारा निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध तरीके से किया जाए और पात्र युवाओं को योजना का लाभ उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाएं युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ परिवहन को भी प्रोत्साहित कर रही हैं।बैठक में क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी मोहन लाल, जिला रोजगार अधिकारी प्रवीण नागरयक, महाप्रबंधक जीआईसी संजय सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और जिला स्तरीय समिति के सदस्य मौजूद रहे।