राज्यपाल कविंद्र गुप्ता ने चम्बा में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले का किया शुभारम्भ, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का दिया संदेश

चम्बा, 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल श्री कविंद्र गुप्ता ने आज ऐतिहासिक चौगान मैदान में अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर चम्बा जिला के लोगों को इस पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और इसे हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक बताया।उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि सदियों पुराना मिंजर उत्सव प्रदेश की लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक सौहार्द को सहेजने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश ने अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर को पीढ़ी दर पीढ़ी सुरक्षित रखा है, जो पूरे देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी जड़ों से जुड़े रहें और भारतीय संस्कृति पर गर्व करें।राज्यपाल ने अपने संबोधन में नशे की बढ़ती समस्या पर भी चिंता व्यक्त की और समाज के सभी वर्गों से नशा उन्मूलन अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता ही नशे के खिलाफ सबसे प्रभावी हथियार है और हमें मिलकर युवा पीढ़ी को इस बुराई से बचाना होगा। इस दिशा में जिला पुलिस द्वारा किए जा रहे प्रयासों की उन्होंने सराहना की।उन्होंने चम्बा की विश्वप्रसिद्ध पारंपरिक कलाओं—चम्बा रूमाल, चम्बा चप्पल और चम्बा थाल—का विशेष उल्लेख करते हुए स्थानीय शिल्पकारों की प्रशंसा की, जो इन परंपराओं को जीवित रखे हुए हैं।

इससे पूर्व, कारगिल विजय दिवस के अवसर पर राज्यपाल ने चौगान में शहीद आशीष थापा, खेमराज और ओम प्रकाश को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उपस्थित लोगों को राष्ट्र सेवा और शहीदों के आदर्शों पर चलने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान कई पूर्व सैनिकों एवं विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।राज्यपाल ने मिंजर ध्वजारोहण कर मेले का शुभारम्भ किया, जबकि अजीत भट्ट एंड पार्टी ने पारंपरिक कुंजड़ी मल्हार की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, विधायक नीरज नैयर, डी.एस. ठाकुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
