पांगी सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, हरसंभव सहायता का दिया आश्वासन

चम्बा, 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चम्बा मुकेश रेपसवाल ने जनजातीय क्षेत्र पांगी के अपने दौरे के दौरान किलाड़–उदयपुर सड़क मार्ग पर कढ़ू नाला के समीप हाल ही में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने उप तहसील साच के अंतर्गत आने वाले गांव साच, घिसल, हिलोर और घनाला का दौरा कर शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की तथा उन्हें ढांढस बंधाया।उपायुक्त ने इस दुखद घड़ी में प्रशासन और प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन देते हुए कहा कि प्रभावित परिवारों को राहत और सहायता उपलब्ध करवाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों के साथ खड़ा है।

इस अवसर पर आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने भी प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी हर आवश्यकता को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं ताकि प्रभावितों को समयबद्ध सहायता मिल सके।दौरे के दौरान उपायुक्त ने उप तहसील साच, घिसल और हिलू टवान क्षेत्र के लगभग 25 लोगों की जनसमस्याएं भी सुनीं। इनमें बिजली, सड़क और आवागमन से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इसके अलावा उन्होंने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय साच का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साच में प्रस्तावित गर्ल्स हॉस्टल के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने और टेंडर प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।