बाबा लखदाता मेला कमेटी खिरडी की बैठक में पुरानी कमेटी भंग, नई कमेटी गठन 2 अगस्त को होगा

बाबा लखदाता मेला कमेटी खिरडी की बैठक में पुरानी कमेटी भंग, नई कमेटी गठन 2 अगस्त को होगा

डलहौजी/ चम्बा 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

खिरडी क्षेत्र में बाबा लखदाता मेला कमेटी द्वारा आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से पुरानी मेला कमेटी को भंग करने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता बबलू ठाकुर ने की, जबकि नगाली पंचायत के उप प्रधान विपन ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।बैठक के दौरान मेला आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं और भविष्य की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी सदस्यों ने एकमत होकर निर्णय लिया कि मेला समिति को और अधिक सक्रिय एवं संगठित बनाने के लिए नई कमेटी का गठन आवश्यक है। इसी के तहत पुरानी कमेटी को भंग करते हुए नई कमेटी के गठन की प्रक्रिया शुरू करने का फैसला लिया गया।

निर्णय के अनुसार, नई मेला कमेटी का गठन अगले माह की 2 तारीख को शाम 4 बजे नगाली पंचायत के रंगड गांव स्थित मीटिंग हॉल में किया जाएगा। इस अवसर पर सभी इच्छुक और जिम्मेदार नागरिकों को आमंत्रित किया गया है ताकि वे अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें और मेला आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दे सकें।बैठक के अंत में बबलू ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग निर्धारित तिथि और स्थान पर पहुंचकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएं। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही बाबा लखदाता मेला को भव्य और सफल बनाया जा सकता है।इस निर्णय से स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है और लोगों में आगामी बैठक को लेकर खासा उत्साह है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!