साचपास के पास मटरों से भरा पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त, बड़ा हादसा टला

तीसा 27 जुलाई दिलीप सिंह ठाकुर
चुराह उपमंडल के अंतर्गत बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पर बीती रविवार रात को एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन किलाड़ से तीसा की ओर मटर लेकर जा रहा था। जब वाहन साचपास के समीप पहुंचा, तो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। हालांकि दुर्घटना के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक अनुमान के अनुसार संकरी सड़क, ढलान और मोड़ों के चलते वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा होगा।हादसे के समय वाहन में सवार सभी लोग पांगी घाटी के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए और बाद में वापस किलाड़ की ओर लौट गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार यदि वाहन और अधिक गहराई में गिरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस को अवगत कराया गया। हालांकि किसी के घायल न होने के कारण कोई आपातकालीन चिकित्सा सहायता की आवश्यकता नहीं पड़ी। बैरागढ़-साचपास-किलाड़ मार्ग पहाड़ी और जोखिम भरा माना जाता है। इस मार्ग पर बीते कुछ समय हुए एक पर्यटकों से भरा वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हुआ था जिसमें सभी पर्यटक अपनी जान गंवा बैठे थे इन सभी छोटे-बड़े हादसे से स्थानीय लोग चिंतित हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा के बेहतर इंतजाम किए जाएं, जैसे कि चेतावनी संकेत, सुरक्षा दीवारें और नियमित रखरखाव।

तो वहीं स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतें और वाहन को नियंत्रित गति में चलाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।