मिंजर मेले की पहली संध्या के बाद दर्दनाक हादसा, दो युवक नदी में गिरे, एक लापता

चंबा, 27 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा में आयोजित अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या के बाद घर लौट रहे दो युवकों के साथ एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात लगभग 11 बजे बाइक पर सवार दोनों युवक अचानक संतुलन खो बैठे और साल नदी में जा गिरे।हादसे में 17 वर्षीय शुभम को गंभीर अवस्था में नदी किनारे से सुरक्षित निकाल लिया गया। मौके पर पहुंची रेस्क्यू टीमों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं 19 वर्षीय सक्षम का अभी तक कोई सुराग नहीं लग पाया है और उसकी तलाश जारी है।बताया जा रहा है कि दोनों युवक चंबा के सारू क्षेत्र के निवासी हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में चिंता और दुख का माहौल है। परिवारजन जहां गहरे सदमे में हैं, वहीं स्थानीय लोग भी इस हादसे से स्तब्ध हैं।

सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, चंबा पुलिस, अग्निशमन विभाग तथा हिमाचल प्रदेश होमगार्ड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। सभी टीमें संयुक्त रूप से नदी में लापता युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। बरसात के कारण नदी के पानी का तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं, बावजूद इसके अभियान लगातार जारी है।प्रशासन ने लोगों से अपील की है बरसात का समय है इसलिए रात के समय नदी किनारे और जोखिम भरे मार्गों पर सावधानी बरतें। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और सतर्कता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोग प्रशासन से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।