कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पालमपुर में 3.71 ग्राम चिट्टा एवं नगदी सहित छह आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पालमपुर में 3.71 ग्राम चिट्टा एवं नगदी सहित छह आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा 27 जुलाई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

कांगड़ा जिला में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। थाना पालमपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 3.71 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और ₹6,000 नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो कथित रूप से नशा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिकेत (23 वर्ष) और ध्रुव (21 वर्ष), दोनों निवासी फॉरेस्ट कॉलोनी पालमपुर, अभिनव (22 वर्ष) निवासी हटली द्रमण, जिला चम्बा, संजीव (30 वर्ष) और गौरव (32 वर्ष), दोनों निवासी फगवाड़ी मोहल्ला जालंधर (पंजाब), तथा मन्नत (20 वर्ष) निवासी काकड़ा, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना पालमपुर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी आपस में संपर्क में रहकर नशे के अवैध कारोबार को अंजाम दे रहे थे। पुलिस अब इस मामले में गहराई से जांच कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। पुलिस अधीक्षक कांगडा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशे से संबंधित कोई जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि कांगड़ा पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!