36 दिनों से बंद नैनीखड्ड–मेल बस सेवा, ग्रामीणों में रोष; एच आरटीसी प्रबंधन तथा लोकनिर्माण विभाग पर लापरवाही के आरोप

चंबा, 05 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की नैनीखड्ड–मेल रूट पर चलने वाली बस सेवा पिछले 36 दिनों से ठप पड़ी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बंद होने के चलते ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है।इस संबंध में ग्राम पंचायत प्रधान कैप्टन जैसीराम ने जानकारी देते हुए बताया कि बेड़ल, ऐनन, डुक्का, लूना, दरमणू और मेल सहित दर्जनों गांवों के लोग इस बस सेवा पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि बस सेवा ठप होने के कारण ग्रामीणों को मजबूरन टैक्सी या निजी वाहनों के माध्यम से नैनीखड्ड या पठानकोट का रुख करना पड़ रहा है, जिससे आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम का क्षेत्रीय कार्यालय इस समस्या का शीघ्र समाधान करे और इस रूट पर बस सेवा को तुरंत बहाल किया जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से सेवा बाधित रहने से विद्यार्थियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

वहीं, इस मामले को लेकर जब एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) चंबा शगुल कुमार से संपर्क किया गया, तो उन्होंने खराब सड़क का हवाला देते हुए जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग पर डाल दी। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति ठीक होने के बाद ही बस सेवा बहाल की जा सकती है।दूसरी ओर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजकुमार ने बताया कि नैनीखड्ड–मेल मार्ग छोटी और बड़ी गाड़ियों के लिए खुला है। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर जहां भूस्खलन या मलबा गिरने की आशंका रहती है, वहां लेबर और जेसीबी मशीनों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति में सड़क को तुरंत बहाल किया जा सके।दोनों विभागों के अलग-अलग बयानों के बीच ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है और वे जल्द समाधान की मांग कर रहे हैं।
