ऐतिहासिक छिंज मेला सुरंगानी में विधायक डीएस ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि की शिरकत, आपदा प्रभावितों के लिए सहयोग का किया आह्वान

सलूणी/चम्बा 15 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
लोक आस्था, मान्यता और परंपराओं का सम्मान करते हुए ऐतिहासिक छिंज मेला सुरंगानी का आयोजन उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। विधायक ने अपने सम्बोधन में कहा कि वर्तमान समय कठिनाई से भरा है, फिर भी हमें प्रत्येक आपदा प्रभावित परिवार तक पहुंचने और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने का संकल्प लेना चाहिए।विधायक डीएस ठाकुर ने विशेष रूप से बताया कि क्षेत्र में प्राकृतिक आपदा का वातावरण व्याप्त है, फिर भी मेले के आयोजन ने जनता में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया है।

उन्होंने NHPC और मेला कमेटी से आपदा प्रभावितों की सहायता हेतु हर संभव योगदान देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार व संबंधित संगठन हर स्तर पर प्रभावित लोगों के साथ हैं और सहायता कार्य निरंतर जारी है।मेला की सांस्कृतिक संध्या के दौरान विधायक डीएस ठाकुर ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता और उपविजेता पहलवानों तथा युवा खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने इन प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और समाज में खेल एवं संस्कृतिक गतिविधियों की महत्ता पर भी प्रकाश डाला।

इस मेले के सफल आयोजन हेतु मेला कमेटी के अध्यक्ष आरिफ शेख सहित समस्त सदस्यों को विधायक ने हार्दिक बधाई दी। मेला समिति ने आयोजन की पूरी व्यवस्था प्रभावी ढंग से सुनिश्चित की, जिससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आए लोग भी उत्सव का भरपूर आनंद उठा सके।मेला के दौरान परंपरागत रीति-रिवाजों का निर्वहन भी किया गया, जिससे क्षेत्रीय संस्कृति का जीवंत स्वरूप प्रस्तुत हुआ। ऐतिहासिक छिंज मेला ने इस कठिन समय में लोगों को एकजुटता का संदेश दिया और आशा की किरण बिखेरी।
