पंचायत चुनाव तैयारियों का जायजा लेने मैहला पहुंचे उपायुक्त, समयबद्ध कार्य पर दिया जोर

पंचायत चुनाव तैयारियों का जायजा लेने मैहला पहुंचे उपायुक्त, समयबद्ध कार्य पर दिया जोर

चम्बा 20 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)

चंबा जिला में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने आज विकास खंड मैहला का दौरा कर चुनाव संबंधी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत चुनावों से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया।दौरे के दौरान उपायुक्त ने बैलेट पेपर लिखने की प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस कार्य को तेजी से पूरा किया जाए, लेकिन साथ ही गुणवत्ता और शुद्धता से किसी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए बैलेट पेपर की सटीकता अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मुकेश रेपसवाल ने खंड विकास अधिकारी कार्यालय मैहला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला तथा राजकीय प्राथमिक पाठशाला मैहला का भी दौरा किया, जहां बैलेट पेपर लिखने का कार्य चल रहा है। उन्होंने मौके पर व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कर्मचारियों से बातचीत की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।इसके अलावा उपायुक्त ने मैहला में स्थापित स्ट्रांग रूम और काउंटिंग हॉल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने की सलाह दी।इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मैहला डॉ. बशीर ने जानकारी दी कि विकास खंड में बैलेट पेपर लिखने का कार्य 19 मई से शुरू किया गया है और इसे 22 मई तक पूरा कर लिया जाएगा।

उपायुक्त ने अंत में सभी अधिकारियों को टीम वर्क के साथ जिम्मेदारी निभाने और निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!