विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने घटासनी में आपदा प्रभावित परिवारों को दी राहत सामग्री और आर्थिक सहायता

भटीयात /चुवाडी़ 17 सितम्बर बबलू पठानिया
प्रदेश में चल रही प्राकृतिक आपदा की गंभीर स्थिति के बीच विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत घटासनी के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने अप्पर और लोअर मामूल गांव का निरीक्षण कर प्रभावित परिवारों से हालचाल जाना तथा राहत एवं पुनर्वास कार्य की गति सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए।

वन विश्राम गृह में आयोजित विशेष कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने स्थानीय 22 आपदा प्रभावित परिवारों को खाद्य सामग्री एवं राहत सामग्री वितरित की। इसके अतिरिक्त प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 1 लाख 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए प्रदेश सरकार की संवेदनशीलता एवं तत्परता को स्पष्ट किया तथा भरोसा दिलाया कि इस संकट की घड़ी में सरकार हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है।

कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदेश में राहत एवं पुनर्वास कार्य के लिए 1500 करोड़ रुपये की धनराशि देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री एवं विभिन्न केंद्रीय दलों द्वारा प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का आकलन भी किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केंद्रीय सरकार वास्तविक नुकसान के आधार पर प्रभावी राहत राशि उपलब्ध कराएगी।

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान प्राकृतिक आपदा के चलते चंबा जिले में लगभग 900 के करीब घरों को क्षति पहुंची है। उपमंडल चुवाड़ी में 121 घर तथा 164 गौशालाएं प्रभावित हुई हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को प्राथमिकता पर स्थानीय संपर्क मार्गों को शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव, उपमंडल दंडाधिकारी पारस अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रभावित लोगों की समस्याएं मौके पर ही सुनी और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया।