कांगड़ा में दिन-दहाड़े चेन स्नैचिंग, मंदिर जा रही महिला से बाइक सवारों ने लूटी सोने की चेन

कांगड़ा 20 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश के प्रमुख धार्मिक शहर कांगड़ा में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल खड़े करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। माता बज्रेश्वरी मंदिर मार्ग पर सुबह के समय दर्शन के लिए जा रही एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और श्रद्धालुओं में भी भय व्याप्त हो गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना सुबह करीब 6 बजे की है। पीड़िता की पहचान शांता गुलियानी के रूप में हुई है, जो रोजाना की तरह मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रही थीं। जैसे ही वह मंदिर मार्ग पर पहुंचीं, तभी एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास आए।

बदमाशों ने अचानक उनका मुंह दबा दिया ताकि वह शोर न मचा सकें और फिर गले से करीब तीन तोले की सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। लूटी गई चेन की कीमत लगभग साढ़े चार लाख रुपये आंकी जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही कांगड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़िता के बयान दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक कांगड़ा नहीं इस सारे मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि यह सुनियोजित चेन स्नैचिंग का मामला है। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि बदमाश जिस बाइक पर सवार थे, उस पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे साफ है कि वारदात को पूरी योजना के तहत अंजाम दिया गया।पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए जांच तेज कर दी है।

शहर के मुख्य बाजारों और बाहरी क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट और पहचान का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि आरोपी पड़ोसी राज्य से हो सकते हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।