आज सिविल अस्पताल किहार में स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत बहु विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का हुआ आयोजन

चंबा, 17 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत जिला चंबा में विशेष बहु विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन सिविल अस्पताल किहार में किया गया। यह कार्यक्रम आज से 2 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य महिलाओं और परिवारों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर उनकी स्वास्थ्य संबंधी स्थिति को सशक्त बनाना है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस अभियान के तहत विभिन्न महत्वपूर्ण स्वास्थ्य गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

इन गतिविधियों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जननी सुरक्षा योजना, जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को प्रसव पूर्व, प्रसव के समय और प्रसव के बाद की संपूर्ण चिकित्सा देखभाल उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा यूनिवर्सल टीकाकरण अभियान के तहत सभी आवश्यक टीकाकरण कार्यक्रम पूरे जिले में सक्रिय रूप से चलाए जा रहे हैं, ताकि सभी बच्चों एवं माताओं को सुरक्षित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकें।परिवार नियोजन सेवाएं भी इस अभियान का अहम हिस्सा हैं।

इसके तहत यथासंभव परिवार नियोजन के विभिन्न उपाय उपलब्ध कराए जा रहे हैं ताकि महिलाओं को स्वस्थ जीवन जीने में मदद मिल सके।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि यह सेवाएं हर हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मेडिकल कॉलेज सहित अन्य स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल के माध्यम से जिला प्रशासन का उद्देश्य महिलाओं एवं परिवारों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाकर उन्हें स्वस्थ और सशक्त बनाना है।

इस बहु विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच-पड़ताल, परामर्श, आवश्यक दवाओं का वितरण तथा आगे की उपचार प्रक्रिया की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।