दुनाली-ढाला संपर्क मार्ग पर लटका पिकअप वाहन, बड़ा हादसा टला

भरमौर/चम्बा, 18 सितम्बर मुकेश कुमार ( गोल्डी)
भारी बारिश से जनजातीय क्षेत्र भरमौर की अधिकांश सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं। जगह-जगह धंसी व टूटी सड़कें वाहन चालकों के लिए जोखिमभरी साबित हो रही हैं। इस बीच दुनाली ढाला संपर्क मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक महिंद्रा पिकअप (नंबर HP 73A 2999) अनियंत्रित होकर सड़क से बाहर हवा में लटक गई। गाड़ी का अगला हिस्सा खाई की ओर झूल गया और थोड़ी सी चूक होने पर वाहन गहरी खाई में गिर सकता था। गनीमत रही कि वाहन समय रहते रुक गया और चालक व अन्य लोगों की जान बच गई। यदि वाहन नीचे चला जाता तो जानी और माली दोनों प्रकार की भारी क्षति हो सकती थी।

स्थानीय निवासियों ने बताया कि दुनाली ढाला मार्ग लंबे समय से बदहाल है। लगातार हो रही बारिश से सड़क की स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है। किनारों पर धंसान के कारण हर समय दुर्घटना का भय बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहन चलाना मानो मौत के मुंह में गाड़ी दौड़ाने जैसा जोखिम है।
प्रशासन ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि जहां मार्ग असुरक्षित प्रतीत हो, वहां वाहन ले जाने से परहेज करें। खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी सावधान रहने की सलाह दें।
लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित सड़कों की मरम्मत व बहाली का कार्य जारी है। लगातार बारिश और भौगोलिक परिस्थितियों के कारण दिक्कतें आ रही हैं, लेकिन विभागीय टीमें जोखिम उठाकर कार्य में जुटी हुई हैं।
स्थानीय लोगों ने सरकार और विभाग से मांग की है कि वर्षा ऋतु में वैकल्पिक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और सड़कों की स्थायी मरम्मत की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।