वैली स्कूल में आधुनिक शैली और नशे की बुराइयों पर जागरूकता शिविर आयोजित

वैली स्कूल में आधुनिक शैली और नशे की बुराइयों पर जागरूकता शिविर आयोजित

डलहौजी/चम्बा, 19 सितम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

योग मानव विकास ट्रस्ट, बनीखेत की ओर से राजकीय उच्च विद्यालय बैली (GHS Bailly) में एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यालय के लगभग 95 विद्यार्थी उत्साहपूर्वक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी नकारात्मक प्रवृत्तियों, विशेषकर नशे और मोबाइल की लत जैसी सामाजिक बुराइयों से सावधान करना और उन्हें स्वस्थ जीवन की दिशा में प्रेरित करना रहा।शिविर के दौरान ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री कुलदीप सिंह और श्री राहुल कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए विस्तार से बताया कि मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग विद्यार्थियों के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने कहा कि मोबाइल का सीमित और सार्थक उपयोग तो उपयोगी है, लेकिन इसका लगातार और अनियंत्रित प्रयोग विद्यार्थियों की पढ़ाई, एकाग्रता और स्मरण शक्ति पर नकारात्मक असर डालता है।

इतना ही नहीं, लंबे समय तक मोबाइल पर समय व्यतीत करने से मानसिक तनाव, नींद की कमी और शारीरिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ भी उत्पन्न होती हैं।उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी आगाह किया कि धूम्रपान, मद्यपान और नशे की लत जैसी आदतें जीवन को पूरी तरह से बर्बाद कर देती हैं। इन आदतों से न केवल व्यक्ति का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित होता है, बल्कि पारिवारिक और सामाजिक जीवन पर भी गहरा असर पड़ता है। विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि वे इन बुराइयों से दूर रहकर अपने जीवन को सकारात्मक दिशा दें और समाज के लिए प्रेरणा बनें।इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन से श्री ओम आज़ाद सहित अन्य अध्यापकगण भी मौजूद रहे। उन्होंने योग मानव विकास ट्रस्ट के इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन का कार्य करते हैं। इनसे न केवल बच्चों को सही और गलत की पहचान होती है, बल्कि उनमें जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने की भावना भी विकसित होती है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार ने योग मानव विकास ट्रस्ट के प्रतिनिधियों का धन्यवाद किया और भविष्य में भी इस प्रकार के उपयोगी और मार्गदर्शक कार्यक्रम आयोजित करने की आशा व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!