केंद्रीय विद्यालय बकलोह विद्यार्थी परिषद् अलंकरण समारोह में दिखा उमंग का संगम

केंद्रीय विद्यालय बकलोह में विद्यार्थी परिषद् अलंकरण समारोह में दिखा उमंग का संगम

लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत यादव ने विद्यार्थियों को जिम्मेदारी निभाने का किया आह्वान

भटीयात/ चुवाडी़, 20 सितम्बर बबलू पठानिया

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बकलोह में शनिवार को विद्यार्थी परिषद् अलंकरण समारोह बड़े उत्साह, उल्लास और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर स्पेशल फोर्स ट्रेनिंग सेंटर बकलोह के लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन से हुआ। विद्यालय के प्राचार्य श्री अनिल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का हार्दिक स्वागत किया।

समारोह में विद्यार्थी परिषद् के सभी निर्वाचित पदाधिकारियों को सैश पहनाकर दायित्व सौंपा गया। तत्पश्चात विद्यालय प्राचार्य द्वारा सभी पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर स्कूल कैप्टन के रूप में सौमिल राणा एवं निकिता कुमारी, वाइस कैप्टन के रूप में पूजन संजय एवं रागेश्वरी राणा ने शपथ ग्रहण की। वहीं स्पोर्ट्स कैप्टन का दायित्व अभिमन्यु एवं कामाक्षी पुन को सौंपा गया।इसी प्रकार हाउस कैप्टन के रूप में शिवाजी सदन से सन्नी ठाकुर एवं भूमिका, टैगोर सदन से तनिष एवं अदिति थापा, अशोक सदन से गर्व मित्तल एवं मोनालिसा चाई तथा रमन सदन से आदित्य एवं आकृति ने पदभार संभाला।

विद्यार्थियों की ऊर्जा और आत्मविश्वास ने समारोह में एक विशेष जोश और प्रेरणा का संचार किया।मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल प्रशांत यादव ने अपने संबोधन में परिषद् के सदस्यों को जिम्मेदारियों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उनके विद्यार्थी जीवन की यादों को पुनः जीवंत कर गया। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में सकारात्मक सोच, परिश्रम और टीम भावना को अपनाने का संदेश दिया।कार्यक्रम का मंच संचालन स्नातकोत्तर शिक्षिका शिवानी ने किया।

अंत में स्कूल कैप्टन निकिता कुमारी ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। अलंकरण समारोह ने विद्यार्थियों के भीतर जिम्मेदारी की भावना और नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विद्यालय वातावरण में नई ऊर्जा का संचार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!