भूतपूर्व सैनिकों के लिए 11 अक्तूबर को आयोजित होगा नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर

चंबा, 9 अक्तूबर मुकेश कुमार (‘गोल्डी’)
भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और दिवंगत सैनिकों के परिजनों के स्वास्थ्य की देखभाल को लेकर सैनिक कल्याण विभाग चंबा की ओर से एक विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर 11 अक्तूबर (शनिवार) को सैनिक विश्राम गृह, चंबा में आयोजित किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपनिदेशक, सैनिक कल्याण कार्यालय चंबा, कैप्टन अनुमेहा पराशर (सेवा निवृत्त) ने बताया कि यह शिविर स्टेशन हैडक्वार्टर ईसीएचएस (एक्स-सर्विसमैन कन्क्ट्रिब्यूटरी हेल्थ स्कीम) के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। शिविर में कर्नल जी.एस. ठाकुर, डॉ. वाई.डी. शर्मा, लैब तकनीशियन जोगिंदर सिंह तथा लाभ सिंह अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की जाएगी। जिन लाभार्थियों को खून व शुगर की जांच करवानी है, उन्हें खाली पेट शिविर स्थल पर पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि सटीक जांच परिणाम प्राप्त किए जा सकें।
कैप्टन अनुमेहा पराशर ने सभी भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके परिवारजनों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने स्वास्थ्य की जांच अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां भी निःशुल्क उपलब्ध करवाई जाएंगी।

यह शिविर न केवल पूर्व सैनिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सार्थक पहल है, बल्कि यह उनके प्रति समाज और प्रशासन की संवेदनशीलता का भी प्रतीक है। सैनिक कल्याण विभाग चंबा ने सभी पात्र लाभार्थियों से समय पर उपस्थित होकर इस पहल को सफल बनाने का आग्रह किया है।