समाज में बेटियों के महत्व को समझना अतिआवश्यक :- कमल किशोर शर्मा

चंबा, 10 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
महिला एवं बाल विकास विभाग चंबा की ओर से मिशन शक्ति के तहत बीते कल वीरवार को जिला कार्यक्रम कार्यालय चंबा में एकदिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कार्यक्रम अधिकारी कमल किशोर शर्मा ने की, जबकि सीएसआईआर-आईएचबीटी पालमपुर के प्रधान वैज्ञानिक डा. विद्याशंकर विशेष रूप से उपस्थित रहे।अपने संबोधन में कमल किशोर शर्मा ने कहा कि समाज में बेटियों के महत्व को समझना और उन्हें समान अवसर प्रदान करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने स्पॉन्सरशिप योजना, आफ्टर केयर योजना, दत्तक ग्रहण प्रक्रिया और बाल विवाह की रोकथाम संबंधी जानकारी भी दी। साथ ही पोषण माह के दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का डाटा जन आंदोलन डैशबोर्ड में अंकित करने और पोषण ट्रैकर ऐप में लाभार्थियों के आधार फेस वेरिफिकेशन की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर डा. विद्याशंकर ने बताया कि जिला चंबा में आगामी दिनों में जिला प्रशासन के सौजन्य से 0 से 5 वर्ष तक के कुपोषित बच्चों के लिए “जीवन उपहार कार्यक्रम” शुरू किया जाएगा। इस कार्यक्रम के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों को पौष्टिक उत्पाद वितरित किए जाएंगे। उन्होंने इन उत्पादों के उपयोग, वितरण और रिकॉर्ड प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

जिला मिशन समन्वयक मनोहर नाथ ने पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और बाल यौन उत्पीड़न व नशा रोकथाम संबंधी विषयों पर जानकारी दी।शिविर में सीडीपीओ सलूणी आर.आर. भारद्वाज, सीडीपीओ तीसा वीणा देवी, सीडीपीओ चुवाड़ी धर्मवीर सिंह, सीडीपीओ भरमौर मनीष कुमार, जिला समन्वयक पोषण विकास शर्मा सहित सभी वृत्त पर्यवेक्षक एवं अधिकारी उपस्थित रहे।