विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर कॉलेज में आयोजित हुआ जागरूकता शिविर

चंबा, 10 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के उपलक्ष्य पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग चंबा की ओर से राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय चंबा में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपन ठाकुर के दिशानिर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विपन ठाकुर ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और इससे जुड़ी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना है।

उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही आवश्यक है, और समय पर परामर्श, संवाद तथा सहयोग से कई मानसिक समस्याओं का समाधान संभव है।इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी ने छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने तनाव प्रबंधन, अवसाद, चिंता और आत्महत्या रोकथाम जैसे विषयों पर चर्चा की। डॉ. हितेषी ने बताया कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में मानसिक संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने छात्रों को योग, ध्यान (मेडिटेशन) और माइंडफुलनेस जैसी तकनीकों को अपनाने की सलाह दी, जिससे मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सके।शिविर के दौरान छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने अनुभव और विचार साझा किए।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रोफेसर राकेश राठौर, अविनाश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग से छांगा राम ठाकुर और दीपक जोशी भी उपस्थित रहे।इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ यह संदेश दिया गया कि मानसिक स्वास्थ्य की देखभाल जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण साधन है।