चंबा की नैंसी शर्मा का हिमाचल प्रदेश महिला सीनियर क्रिकेट टीम में चयन, समर्थकों में खुशी की लहर

चम्बा 10 अक्टूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा की प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी नैंसी शर्मा ने एक बार फिर जिले का नाम रोशन किया है। नैंसी शर्मा का चयन हिमाचल प्रदेश की वरिष्ठ महिला टी-20 क्रिकेट टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश के ग्वालियर में आयोजित की जा रही है, जिसमें हिमाचल प्रदेश टीम देशभर की अन्य राज्य स्तरीय टीमों के साथ मुकाबला करेगी।
नैंसी शर्मा ग्राम पंचायत छतराड़ी की रहने वाली हैं और बचपन से ही क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव रहा है। उन्होंने एचपीसीए (हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन) की ओर से आयोजित विभिन्न राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई। इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर नैंसी ने सीनियर टी-20 टीम में जगह बनाई है।

जिला चंबा क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में नैंसी के चयन की खबर से खुशी की लहर दौड़ गई है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि नैंसी की यह उपलब्धि न केवल जिला चंबा बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नैंसी आगामी मैचों में भी अपने बेहतरीन प्रदर्शन से हिमाचल टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगी।
नैंसी शर्मा ने अपने चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कोचों, परिवार और समर्थकों के सहयोग से संभव हो पाई है। उन्होंने कहा कि वह आगे भी मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल और चंबा का नाम ऊंचा करने का प्रयास करेंगी।
नैंसी के इस चयन से चंबा जिला की युवा पीढ़ी को खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।